लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 23 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान उर्फ रिंकू के रूप में हुई है, जो उन्नाव जिले के नई सराय का निवासी है। STF टीम ने उसे 13 अप्रैल 2026 को कृष्णानगर स्थित बैकुंठ धाम वीआईपी रोड से दबोचा।
बरामद सामान
- 4.645 किलोग्राम अवैध चरस
- एक मोबाइल फोन
- आधार कार्ड
- ₹4670 नकद
नेपाल से यूपी तक फैला नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह नेपाल सीमा से चरस लाकर बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति करता था। आरोपी काफी समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
खुफिया सूचना पर कार्रवाई
STF को लगातार मिल रही गोपनीय सूचनाओं के आधार पर टीम को सक्रिय किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना कृष्णानगर में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।
