• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: शहर में अवैध धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस के सामने दैतराबीर बाबा मंदिर के पास आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और नारेबाजी करते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।

दोपहर में शुरू हुए इस प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश में अवैध धर्मांतरण और इससे जुड़े मामलों पर रोक लगाने के लिए अब व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठित नेटवर्क के जरिए इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो समाज और संस्कृति के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में सामने आए कुछ मामलों का हवाला देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही सरकार से मांग की गई कि अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए कड़े और प्रभावी कानून बनाए जाएं तथा उन्हें सख्ती से लागू किया जाए।

धरना समाप्त होने के बाद विहिप और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस के रूप में डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि एसीएम द्वितीय कर्मवीर को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम में कई प्रमुख पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *