वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक किशोर अपने परिवार के साथ पास के घाट पर माला और फूल बेचने का काम करता था, जिसे लेकर दूसरे पक्ष से काफी समय से विवाद चल रहा था।
मृतक की पहचान तेलियानाला निवासी नीरज केवट (17) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, नीरज अपने परिवार के साथ घाट पर दुकान लगाता था। इसी को लेकर रविंद्र केवट के परिवार से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि दूसरा पक्ष चाहता था कि नीरज का परिवार वहां व्यापार न करे, जिसके चलते कई बार दोनों पक्षों में तनातनी हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात एक बार फिर घाट पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने नीरज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में परिजन उसे तुरंत मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पहले की शिकायतों पर कार्रवाई की गई होती तो नीरज की जान बच सकती थी।
वहीं, एसीपी कोतवाली ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
