• Banaras Now, Varanasi
  • April 20, 2026

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति जमीन विवाद से परेशान होकर बीएसएनएल के ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की कोशिश करने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, टॉवर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान राजेश (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव का रहने वाला है। वह शादीशुदा है और उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेश का किसी व्यक्ति के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस लगातार मोबाइल फोन और लाउडस्पीकर के जरिए उससे बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह काफी देर तक नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ।

घटनास्थल पर प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मुस्तैदी से डटी हुई है। प्रशासन की प्राथमिकता युवक को किसी भी हालत में सुरक्षित नीचे लाना है।

फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *