नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किया है। आयोग ने उनसे 24 घंटे के भीतर अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। यह नोटिस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने को लेकर दिया गया है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब चुनाव प्रचार के दौरान तमिलनाडु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
Election Commission of India takes note of Congress National President Mallikarjun Kharge calling PM Narendra Modi a “Terrorist” and issues a notice to Kharge to explain his stand within 24 Hrs pic.twitter.com/5xGoympL9o
— ANI (@ANI) April 22, 2026
भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें किरेन रिजिजू, निर्मला सीतारमण और अरुण सिंह शामिल थे, ने आयोग से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की अपील की। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी पूरे देश का अपमान है और इस पर सख्त कदम उठाया जाना चाहिए।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका कहना है कि उन्होंने ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किसी अलग संदर्भ में किया था और उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था।
फिलहाल इस मामले में चुनाव आयोग द्वारा जवाब मांगे जाने के बाद आगे की कार्रवाई खरगे के स्पष्टीकरण पर निर्भर करेगी।
