• Banaras Now, Varanasi
  • April 24, 2026

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रीवा-मिर्जापुर हाईवे स्थित ड्रमंडगंज घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। ट्रक, ट्रेलर, स्विफ्ट कार और बोलेरो की आपस में टक्कर के बाद लगी आग में 12 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

10 मिनट तक गूंजती रहीं चीखें, फिर सब कुछ खामोश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद वाहनों में फंसे लोग करीब 10 मिनट तक मदद के लिए चीखते रहे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बोलेरो व कार आग का गोला बन गईं। स्थानीय लोग बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी अंदर फंसे लोगों तक नहीं पहुंच सका।

ऐसे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार, ड्रमंडगंज घाटी में एक गिट्टी से भरा ट्रेलर ढलान से उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार, फिर दाल से लदा ट्रक और सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रेलर से जा भिड़ी, जबकि पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रक में घुस गई। टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई।

बोलेरो में जिंदा जले 9 लोग

हादसे के बाद बोलेरो में सवार 9 लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। वहीं स्विफ्ट कार चालक और ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई। बाद में घायल ट्रक चालक ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 12 हो गई।

पोस्टमार्टम में झकझोर देने वाला मंजर

गुरुवार सुबह जब शवों का पोस्टमार्टम शुरू हुआ तो दृश्य बेहद दर्दनाक था। कई शव पूरी तरह जल चुके थे और सिर्फ अवशेष ही बचे थे। बच्चों के शव देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।

घंटों बाद बुझी आग, प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।

शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है। हालांकि, अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। कई घरों के चिराग एक ही हादसे में बुझ गए। प्रशासन शवों की शिनाख्त कराने और आगे की कार्रवाई में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *