• Banaras Now, Varanasi
  • April 24, 2026

वाराणसी: शहर के सिगरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर एक छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने, उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और दुष्कर्म करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घुमाने के बहाने ले गया बाहर

पुलिस के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के गडैया गोसियाना निवासी मोहम्मद रुस्तम पर आरोप है कि उसने एक छात्रा को स्कूल के पास से बहाने से अपने साथ ले लिया। इसके बाद वह उसे अंबेडकर नगर ले गया। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी उसे एक मजार पर ले गया, जहां पानी पिलाने के बहाने उसे नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद उस पर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।

फर्जी पहचान बनाकर होटल में ले जाने का आरोप

आरोप है कि युवक ने पीड़िता का नाम बदलकर “आफरीन बानो” कर दिया और उसी नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाया। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया, जहां पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।

कोर्ट मैरिज की कोशिश, मौके से फरार

बताया जा रहा है कि अगले दिन आरोपी पीड़िता को लेकर अंबेडकर नगर कोर्ट पहुंचा, जहां वह कथित तौर पर कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रहा था। इस दौरान पीड़िता के विरोध और शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों को बताई आपबीती, दर्ज हुआ केस

घर लौटने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार की शिकायत पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में बलात्कार और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *