वाराणसी। शहर के चितईपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की गुमशुदगी का मामला उस समय दर्दनाक घटना में बदल गया, जब उसका शव रविदास घाट पर मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान निखिल राय उर्फ निशु के रूप में हुई है, जो करौंदी इलाके का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, युवक ने सोमवार सुबह करीब 10:21 बजे सोशल मीडिया पर एक भावुक स्टेटस पोस्ट किया था। इस स्टेटस में उसने अपनी तबीयत, डॉक्टरों और दवाइयों से परेशान होने की बात लिखी थी और साथ ही “गंगा मां” का जिक्र भी किया था, जिसे पढ़कर उसके परिचितों में चिंता बढ़ गई थी।

स्टेटस डालने के कुछ ही देर बाद निखिल अपनी स्प्लेंडर बाइक (UP65FV2316) से घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पूरी रात खोजबीन जारी रही।
मंगलवार सुबह बड़ी रविदास घाट पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान निखिल के रूप में की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
