पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण के तहत 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इसी दौरान दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र से ईवीएम से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
सूत्रों के अनुसार, बूथ संख्या 144 पर लगे ईवीएम मशीन में बीजेपी के चुनाव चिन्ह वाले बटन पर टेप चिपकाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक दलों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
This is what Mamata Banerjee was defending when she spoke up for Jehangir Khan, a criminal contesting on a TMC ticket from Falta in Diamond Harbour.
— Amit Malviya (@amitmalviya) April 29, 2026
In several polling booths, the option to vote for the BJP has been blocked using a tape, effectively preventing voters from… pic.twitter.com/sKw3mcdA86
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने इस वीडियो को साझा करते हुए आरोप लगाया कि राज्य के कई मतदान केंद्रों पर इसी तरह की गड़बड़ी की गई है। उन्होंने इसे “डायमंड हार्बर मॉडल” बताते हुए कहा कि यह पहले से ही सुनियोजित तरीके से किया गया प्रयास है। साथ ही उन्होंने संबंधित बूथों पर पुनर्मतदान की मांग की।
घटना को लेकर चुनाव आयोग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने फाल्टा क्षेत्र के प्रभावित बूथ पर दोबारा मतदान कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने पहले ही निर्देश दिए थे कि मतदान के दौरान ईवीएम से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, जैसे टेप लगाना या अन्य हस्तक्षेप, पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।
यह भी सामने आया है कि यह मामला उसी फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है, जहां से टीएमसी प्रत्याशी जहाँगीर खान चुनाव मैदान में हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया को लेकर विवाद और आरोप-प्रत्यारोप सामने आते रहे हैं।
फिलहाल आयोग की कार्रवाई के बाद स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रशासन ने निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया है।
