• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित औरंगाबाद इलाके में बुधवार देर रात एक घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद पुलिस चौकी के पीछे स्थित मोहल्ले में मनोज शर्मा अपनी दूसरी पत्नी पूनम के साथ पुश्तैनी मकान में रहता था। उसी मकान में उसका छोटा भाई भी परिवार सहित रहता है। मकान के भूतल और प्रथम तल पर किरायेदार रहते हैं, जबकि ऊपरी हिस्से में दोनों भाइयों का परिवार निवास करता था। बताया जा रहा है कि मनोज की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो फिलहाल अपने ननिहाल में रहते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने पूनम की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। देर रात लक्सा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कबीरचौरा स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Author

thefrontfaceindia@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *