• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा से काशी घूमने आए 27 वर्षीय युवक हर्षवर्धन ठाकुर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। मृतक हर्षवर्धन, संदीप सिंह के पुत्र बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात हर्षवर्धन घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और गंगा के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी गई। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई। कई घंटों की खोजबीन के बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

मान मंदिर घाट पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और देर रात निगरानी मजबूत करने की मांग की है। प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि रात के समय गंगा घाटों पर विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *