• Banaras Now, Varanasi
  • May 29, 2026

वाराणसी। शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बारों के खिलाफ रविवार देर रात सिगरा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग हुक्का बारों पर छापेमारी कर 18 लोगों को हिरासत में लिया। मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का, फ्लेवर टोबैको और अन्य नशीली सामग्री बरामद की गई।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने पहले सिपाहियों को ग्राहक बनाकर हुक्का बार में भेजा। पुष्टि होने के बाद टीम ने अचानक छापा मारते हुए पूरे नेटवर्क को पकड़ लिया। पुलिस की रेड पड़ते ही दोनों स्थानों पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने का प्रयास करने लगे।

‘लव बाइट’ हुक्का बार में चल रहा था अवैध कारोबार

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र और एसओजी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल रोड स्थित पूर्विका होटल के बेसमेंट में “लव बाइट” नाम से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। यहां छापेमारी के दौरान संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिंद पीछे के रास्ते से फरार हो गए।

मौके से विवेक नामक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यहां मौजूद 13 युवकों को हिरासत में लिया, जो कथित तौर पर नशे का सेवन कर रहे थे।

‘लॉर्ड ऑफ शीशा’ रेस्टोरेंट में भी छापा

इसके बाद पुलिस टीम ने आकाशवाणी तिराहे के पास स्थित “लॉर्ड ऑफ शीशा” रेस्टोरेंट में दबिश दी। जांच में यहां भी अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होता मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू समेत दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

रेस्टोरेंट के अलग-अलग टेबलों पर हुक्का लगाया गया था और विभिन्न फ्लेवर परोसे जा रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई युवक हुक्का छोड़कर बाहर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने गेट बंद कर सभी को रोक लिया।

भारी मात्रा में फ्लेवर टोबैको और हुक्का बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को कई हुक्के, फ्लेवर टोबैको और अन्य संदिग्ध नशीले पदार्थ मिले। सभी सामान को जब्त कर थाने भेज दिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मौके पर पहुंचे एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि दोनों हुक्का बारों से बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद हुई है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *