वाराणसी। काशी के विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्रियां टीना यादव व अदिति यादव और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज मां गंगा की दैनिक आरती में शामिल होने पहुँचीं। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित इस भव्य और दिव्य महाआरती को देखकर सभी अतिथि पूरी तरह भाव-विभोर नजर आए।
घाट पर पहुँचने के बाद सभी विशिष्ट अतिथियों ने अर्चकों के सानिध्य में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने दशाश्वमेध घाट की प्रसिद्ध दैनिक आरती के अलौकिक दर्शन किए। शंखनाद, डमरू की गूंज और दीपों की भव्य आभा से सराबोर आध्यात्मिक वातावरण ने तीनों ही युवा अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वे लगभग एक घंटे तक घाट पर रुकी रहीं और पूरी तन्मयता से इस अलौकिक दृश्य को निहारती रहीं।

गंगा आरती के इस विहंगम दृश्य से प्रभावित होकर टीना यादव ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक (अतिथि पुस्तिका) में अपने दिल की बात साझा की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “भगवती मां गंगा की आरती ने पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। मां गंगा हम सभी के लिए मां स्वरूप हैं, इसलिए इनकी स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सबको मिलकर गंगा को साफ रखने के लिए काम करना चाहिए।”

कार्यक्रम के समापन पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। संस्था की ओर से टीना यादव, अदिति यादव और सांसद प्रिया सरोज को अंगवस्त्र, मां गंगा का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं में भी इन युवा नेताओं व अतिथियों की एक झलक पाने की उत्सुकता दिखी।
