वाराणसी, 03 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई ने बुधवार को कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर विरोध सभा आयोजित की। सभा में भाजपा नेताओं ने बयान की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया तथा प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। सभा के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर राजेश कुमार को सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि राजनीतिक विरोध में भी भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी अनुचित है और जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई टिप्पणी को जनता पसंद नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।
विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय ने राजनीतिक संवाद में शालीनता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा महत्वपूर्ण है।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हुई है और विपक्ष को सकारात्मक राजनीति पर ध्यान देना चाहिए।
पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह (ओढ़े) और पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने भी कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करते हुए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का प्रयोग लोकतंत्र की गरिमा के लिए आवश्यक है। वहीं पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
सभा का संचालन सुरेश सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा में महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। नम्रता चौरसिया, साधना वेदांती, आशा गुप्ता, गीता शास्त्री, कुसुम सिंह पटेल, उषा सिंह, रचना अग्रवाल समेत अन्य महिलाएं कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
