• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026

वाराणसी। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वाराणसी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

रैली में एनएसएस के स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों और नारों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही, युवाओं से राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

प्रज्ञा ओझा के नेतृत्व में निकली जागरूकता रैली

इस कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना की मुख्य कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा ओझा ने किया। उनके निर्देशन में आयोजित इस अभियान में एनएसएस के सभी कार्यक्रम अधिकारियों, सहायक आचार्यों, महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

शिक्षकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

रैली के दौरान महाविद्यालय की प्राध्यापिका प्रो. रागिनी श्रीवास्तव, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. जगदीश सिंह, प्रो. ऋचा सिंह, प्रो. अनुपम शाही, प्रो. संजय श्रीवास्तव, डॉ. शिवानंद यादव और डॉ. धीरज सिंह सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

महाविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *