आजमगढ़। ढोंग-पाखंड और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर लंबे समय से एक ही परिवार की युवतियों-बालिकाओं का मानसिक व शारीरिक शोषण करने वाले पाखंडी तांत्रिक को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। फूलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
तंत्र-मंत्र की आड़ में लंबे समय से कर रहा था प्रताड़ित
फूलपुर थाना क्षेत्र के गहनी खुर्द का निवासी आरोपी महफूज विगत 4-5 वर्षों से पीड़ित परिवार के संपर्क में था। खुद को चमत्कारी तांत्रिक बताकर वह परिवार को अपने जाल में फंसा चुका था।
ताज़ा मामले के अनुसार, आरोपी ने पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार का बहाना बनाकर घर के मुखिया और उनकी पत्नी को बाहर बैठा दिया। इसके बाद कमरे के भीतर उसने घर की एक बेटी के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। लड़की के साहस दिखाते हुए शोर मचाने पर बाहर बैठे परिजन तुरंत अंदर पहुंचे और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
बहनों ने खोली पाखंडी की पोल
इस घटना के सामने आते ही पीड़ित युवती की अन्य दो बहनों ने भी आरोपी की करतूतों से पर्दा उठाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि तांत्रिक क्रियाओं का डर दिखाकर और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी पिछले कई सालों से उनका शारीरिक शोषण कर रहा था। आरोपी के खौफ की वजह से बेटियां अब तक चुप रहने पर मजबूर थीं।
पुलिस कार्रवाई और पोक्सो (POCSO) में मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों की शिकायत मिलते ही फूलपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस टीम ने बुधवार देर रात आरोपी महफूज को दबोच लिया।
कानूनी स्थिति: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फूलपुर थाने में गंभीर धाराओं सहित पोक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
