• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर में टहलने निकले अधिवक्ता और पूर्व ग्राम प्रधान राजीव सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, राजीव सिंह रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे और घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे, जिनमें से एक ने नजदीक से उनके सीने पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हमलावर गोली मारकर भागते नजर आ रहे हैं। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजीव सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद था फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *