वाराणसी: प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बीएलडब्ल्यू (BLW) स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया और सुरक्षा, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स, वीवीआईपी मूवमेंट रूट्स और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का गहन आकलन किया। साथ ही बैरिकेडिंग, रूट प्लानिंग और ट्रैफिक संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां CCTV निगरानी को और सशक्त बनाने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी सुरक्षा योजना की समीक्षा की गई। बैठक में बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और सभी अधिकारियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग स्थल, वीवीआईपी एंट्री पॉइंट, ड्रॉपिंग जोन और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने, डायवर्जन तय करने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और इमरजेंसी रूट्स को क्लियर रखने के निर्देश जारी किए गए, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिव हरि मीणा, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
