• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां माफिया अतीक अहमद से जुड़े रहे उसके ड्राइवर मोहम्मद इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात शहर के केली क्षेत्र स्थित बिसिल्ला चौराहे के पास हुई। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे और इरफान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।


अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत, पुलिस जांच में जुटी

हमले में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद इरफान को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


पहले भी सामने आ चुका है ड्राइवर से जुड़ा मामला

गौरतलब है कि करीब एक साल पहले अतीक अहमद के एक अन्य ड्राइवर आफाक अहमद की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। बताया गया था कि उसने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *