लखनऊ। प्रदेश सरकार ने छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब उन छात्रों को राहत दी जाएगी जो किसी कारणवश छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे। समाज कल्याण विभाग जल्द ही शैक्षिक सत्र 2025-26 के तहत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का पोर्टल दोबारा खोलेगा, ताकि छूटे हुए छात्र पुनः आवेदन कर योजना का लाभ ले सकें।
पिछले वर्ष सभी वर्गों के करीब 62 लाख छात्रों को इस योजना का लाभ दिया गया था। वहीं, इस वर्ष 2025-26 में अब तक लगभग 65 लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिल चुका है। सरकार अब शेष बचे पात्र छात्रों तक भी यह सुविधा पहुंचाने की तैयारी में है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य छात्र तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाए। योजना का लाभ सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय के छात्रों को भी मिलेगा।
सभी वर्गों को मिलेगा लाभ
सामान्य, एससी-एसटी और ट्रांसजेंडर छात्रों को इस निर्णय का सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर उन छात्रों के लिए यह एक बड़ा अवसर है जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।
दोबारा आवेदन का मौका
सत्र 2025-26 के जिन छात्रों का आवेदन छूट गया था, वे अब दोबारा पोर्टल खुलने पर आवेदन कर सकेंगे और योजना का लाभ उठा पाएंगे।
आर्थिक कारणों से नहीं रुकेगी पढ़ाई
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी छात्र आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी इसी तरह की पहल के तहत पोर्टल खोला गया था, जिसके माध्यम से 53,041 छात्रों को कुल 81.12 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई थी।
