• Banaras Now, Varanasi
  • April 27, 2026

लखनऊ, 27 अप्रैल। उत्तर प्रदेश इन दिनों प्रचंड गर्मी की चपेट में है, जहां अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही जून जैसी तपिश महसूस की जा रही है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होगा, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिल सकती है।

प्रदेश के कई जिलों में रविवार को तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। बांदा में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा प्रयागराज में 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय हालात इतने गंभीर रहे कि सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए।

40 जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के करीब 40 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर और लखनऊ समेत कई जिले शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

हालांकि राहत की खबर यह है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी शुरू हो सकती है, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल सकती है। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

लखनऊ में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी ने पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिन चढ़ने के साथ गर्म हवाएं चलने लगीं और दोपहर तक शहर भट्टी की तरह तपने लगा। कई इलाकों में सड़कों पर लॉकडाउन जैसे हालात नजर आए।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 27 अप्रैल से बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश होने के संकेत हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बावजूद हवा में नमी बढ़ने से उमस का एहसास बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *