वाराणसी: जिले में बारात के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, बारात से लौटते समय कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देख पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान रोहित राजभर के रूप में हुई है, जो चंदवक थाना क्षेत्र का निवासी था और इन दिनों सारनाथ के कस्तमपुरा स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। यह पूरा मामला सिंधोरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, रोहित 5 मई को एक बारात में शामिल होने गया था, जहां किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। रात में घर लौटते समय बसंतपुर (चकदुल्ला) के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर हमला कर दिया।
हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने उसकी बाइक को भी नुकसान पहुंचाया और वहां से भाग निकले। मृतक के भाई किशन राजभर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए इसे सुनियोजित वारदात बताया है।
परिजनों का कहना है कि घटना से पहले रोहित को सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिल रही थीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात पहले से ही तय थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
