• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता पिछले दो दिनों से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रही है, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसे घंटों थाने में बैठाए रख रही है। सुबह से लेकर देर रात तक इंतजार कराने के बावजूद कार्रवाई न होने से पीड़िता की तबीयत भी खराब हो गई।

बजरडीहा निवासी महिला ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि उसकी शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी। आरोप है कि उसके जेठ और ससुर की नीयत शुरू से ही ठीक नहीं थी। उन्होंने नहाते समय उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। पीड़िता का कहना है कि जनवरी में जब उसका पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, तभी दोनों आरोपित उसके कमरे में घुस आए और उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला के अनुसार, पति के लौटने पर जब उसने पूरी घटना बताई, तो वह उसे एक गेस्ट हाउस में ले गया और कुछ दिनों तक वहीं रखा। इसके बाद उसे मीरजापुर स्थित उसके मायके छोड़ दिया गया और घटना के बारे में किसी को न बताने की हिदायत दी गई। मायके पहुंचने के बाद महिला लगातार परेशान रहने लगी, जिससे परिजनों को शक हुआ। पूछताछ करने पर उसने पूरी आपबीती बताई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मार्च में जब वह अपना सामान लेने ससुराल गई, तो जेठ और ससुर ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने भेलूपुर थाने में शिकायत दी। हालांकि, पुलिस अब तक मामला दर्ज नहीं कर रही है। मंगलवार को वह सुबह से रात तक थाने में बैठी रही, लेकिन देर रात उसे अगले दिन आने के लिए कहकर भेज दिया गया।

बुधवार को भी महिला सुबह थाने पहुंची और देर रात तक बिना भोजन-पानी के इंतजार करती रही। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी होने लगी, जिसके बाद उसे पास के विवेकानंद अस्पताल ले जाकर इंजेक्शन दिलाना पड़ा।

इस मामले में भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी का कहना है कि यह मारपीट का मामला प्रतीत होता है, इसलिए दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत के जरिए समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *