वाराणसी: राजातालाब थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक बेलगाम और तेज रफ्तार मालवाहक मैजिक ने सड़क किनारे खड़ी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से बुलेट के पास खड़े तीन दोस्त करीब 4 से 5 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य दोस्त की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
दोस्त को देख सड़क किनारे रुके थे, तभी काल बनकर आई मैजिक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजातालाब के बीरभानपुर गांव के रहने वाले जमाल (26 वर्ष) और शाहिद (20 वर्ष) आपस में गहरे दोस्त थे। शनिवार की रात दोनों बुलेट से राजातालाब की ओर जा रहे थे। जमाल के चाचा जहांगीर ने बताया कि जब वे बीरभानपुर-ओदार गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तो उन्हें वहां अपना एक और दोस्त आमीन दिखाई दिया।
वे बुलेट रोककर आमीन से बात करने लगे। इसी बीच, जंसा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मैजिक ने सड़क किनारे खड़ी बुलेट और तीनों दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने दो को घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों लहूलुहान युवकों को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत हाईवे पर स्थित हेरिटेज अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जमाल और शाहिद को मृत घोषित कर दिया, वहीं आमीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
चालक समेत वाहन हिरासत में, गांव में छाया सन्नाटा
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली मैजिक गाड़ी और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की असल वजह जानने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद से बीरभानपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और भारी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। जमाल के चाचा जहांगीर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मैजिक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
