वाराणसी। चर्चित कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में पुलिस ने अब संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता प्रदीप जायसवाल के भतीजे वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने उससे जुड़े कारोबारों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पहले ही वैभव जायसवाल की पत्नी, मां समेत पांच महिलाओं को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर इनसे जुड़े शराब ठेकों को सील किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हवाला के जरिए ब्लैक मनी को किया ‘व्हाइट’, पांच महिलाएं गिरफ्तार, साक्ष्य नहीं जुटा सकी कोतवाली पुलिस, मिली रिहाई
महिलाओं के नाम पर लिए गए थे लाइसेंस
शनिवार को प्रशासनिक टीम ने सपा नेता के परिवार से जुड़ी महिलाओं के नाम पर संचालित शराब दुकानों पर ताले लगवा दिए। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आदमपुर क्षेत्र के कज्जाकपुरा इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंग्रेजी शराब की दुकान को सील किया गया। अधिकारियों ने मौके से बिक्री से जुड़े दस्तावेज और रजिस्टर भी कब्जे में ले लिए।
अवैध कमाई से खड़ा किया गया नेटवर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन दुकानों को खोलने में कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित धन का इस्तेमाल किया गया था। लाइसेंस भले ही महिलाओं के नाम पर थे, लेकिन असल नियंत्रण कथित तौर पर कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल के पास था। पुलिस का कहना है कि मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अवैध धन को वैध दिखाने के लिए शराब के कारोबार का सहारा लिया जा रहा था।
कई इलाकों में कार्रवाई, दुकानें सील
संयुक्त टीम ने खोजवा, लहरतारा, परेड कोठी और कज्जाकपुरा समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर शराब दुकानों को सील किया है। पूरे अभियान के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहीं।
रिश्तेदारों पर भी बढ़ा शिकंजा
इस मामले में सपा नेता प्रदीप जायसवाल के रिश्तेदारों के नाम सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें कथित माफिया के साथ उनकी मौजूदगी दिखाई दी थी, जिसके बाद परिवार के कई सदस्य जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं।

मुख्य आरोपी पर रेड कॉर्नर नोटिस
कफ सिरप तस्करी के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क और संभावित साठगांठ का बड़ा खुलासा हो सकता है।
39 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल
पुलिस ने इस मामले में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल, उसके पिता और अन्य आरोपियों के खिलाफ करीब 39 हजार पन्नों की चार्जशीट अदालत में पेश की है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
