नागपुर। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बीच एक खास दौरे को लेकर चर्चा में हैं। शुक्रवार को वे नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संगठन के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की।
चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे नागपुर
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह मुंबई से चार्टर्ड विमान के जरिए दोपहर में नागपुर पहुंचे। वे डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से सीधे महल स्थित RSS मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यालय में समय बिताने के बाद वे शाम को वापस मुंबई लौट गए। एयरपोर्ट अधिकारियों ने उनके आगमन और प्रस्थान की पुष्टि की।
BREAKING || Actor Ranveer Singh at RSS HQ, Nagpur
— TIMES NOW (@TimesNow) April 11, 2026
– Pays tribute at the Hegdewar memorial
– Ranveer also meets RSS Chief Mohan Bhagwat@Nilesh_isme shares more details with @MeenakshiUpreti. pic.twitter.com/nI0Y1BdWkS
स्मृति स्थल पर दी श्रद्धांजलि
रेशिमबाग स्थित स्मृति परिसर में अभिनेता ने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और एम.एस. गोलवलकर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्हें संगठन के इतिहास और विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई। इसके अलावा उन्होंने RSS के कई सदस्यों से बातचीत कर संगठन के विभिन्न कार्यों के बारे में जाना।
भागवत से मुलाकात में कई मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, मोहन भागवत के साथ हुई बैठक में उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही उन्हें संघ के सेवा कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी गई। हालांकि इस बातचीत के विषयों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
अपने अलग अंदाज और फैशन के लिए पहचाने जाने वाले रणवीर सिंह इस दौरान बेहद सादगी भरे लुक में नजर आए। उनकी इस यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें वे गंभीर और शांत मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं।
‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच दौरा
गौरतलब है कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं। फिल्म ने दुनियाभर में 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। इसी बीच उनका यह नागपुर दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है।
