• Banaras Now, Varanasi
  • August 29, 2026

वाराणसी। मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लंका थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 ग्राम अवैध हाइड्रोपोनिक (ऑर्गेनिक) गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:45 बजे रविंद्रपुरी पुलिया के पास की गई।

पुलिस ने मौके से आदित्य सिंह (26), निवासी गोरखपुर और वासू केडिया (28), निवासी भेलूपुर (वाराणसी) को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें एसीपी भेलूपुर और लंका थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद 145 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा ऑर्गेनिक तरीके से तैयार किया गया था, जिसकी बाजार में कीमत सामान्य गांजे की तुलना में अधिक होती है।

पूछताछ में सामने आई तस्करी की कड़ी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आदित्य सिंह गोरखपुर से हाइड्रोपोनिक गांजा लाकर वाराणसी में वासू केडिया को सप्लाई करता था। इसके बाद वासू घाट क्षेत्रों में इसे छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली आय से दोनों अपने शौक पूरे करते थे।

इस मामले में लंका थाने में मुकदमा संख्या 0158/2026 दर्ज करते हुए धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शैलेष शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *