• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी। नगर निगम की समीक्षा बैठक में जनसेवा से जुड़े कार्यों में ढिलाई पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी या गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि 45 दिनों के भीतर मामलों का निस्तारण नहीं हुआ तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

स्वास्थ्य विभाग को सुधार का अल्टीमेटम

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अंतिम रूप से एक सप्ताह का समय दिया गया है। महापौर ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान की तैयारी

शहर में दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गई है। तय समयसीमा के बाद नगर निगम विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाएगा।

पेयजल और जलभराव पर विशेष ध्यान

गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा में पाया गया कि 9 में से 3 ओवरहेड टैंक वितरण लाइन के अभाव में चालू नहीं हैं, जिस पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने एक सप्ताह में समस्या दूर करने के आदेश दिए। साथ ही जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की सूची भी मांगी गई है।

मानसून से पहले नाला सफाई तेज

शहर को जलभराव से बचाने के लिए नालों की सफाई अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए हैं। नालों को ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित कर 15 जून तक सफाई पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया है।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

महापौर ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और गलत निविदा दाखिल करने वाले ठेकेदारों व संबंधित कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई की बात कही। साथ ही प्रत्येक विभाग की दैनिक समीक्षा करने का निर्णय लिया गया है।

राजस्व वसूली के लिए नई योजना

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गृहकर, जलकर, लाइसेंस शुल्क और किराया वसूली के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

बैठक में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की घोषणा की गई। चयनित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ परिवार सहित भ्रमण का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *