वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में विश्व सुंदरी पुल के नीचे शुक्रवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को आशंका है कि इस कार्रवाई से एक बड़े तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, एक ट्रक से बिहार ले जाए जा रहे 34 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया था। इस दौरान नौशाद अहमद (37), निवासी चकिया कसारी मसारी, थाना धूमनगंज (प्रयागराज) को मौके से पकड़ लिया गया। वहीं उसका साथी मोबिन (मुबीन) अहमद, निवासी आजाद नगर करारी (कौशांबी), अंधेरे का फायदा उठाकर बंदरगाह के पास झाड़ियों में छिपकर फरार हो गया था।
इस मामले में रामनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही थी।
मुठभेड़ में घायल हुआ तस्कर
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को बंदरगाह के पास झाड़ियों में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। घेराबंदी किए जाने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी मोबिन के दाहिने पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही फील्ड यूनिट को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है, ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा सके।
