• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में स्थित एक महिला अधिवक्ता के मकान में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर एसीपी कैंट की अगुवाई में हुई इस अचानक छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों और दो युवतियों (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को आपत्तिजनक हालत में हिरासत में लिया है।

एनजीओ और स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस मकान में काफी समय से अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। स्थानीय थाना पुलिस को शिकायत देने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों ने फ्रीडम फर्म नामक एनजीओ के प्रतिनिधि रेमिल जॉन के माध्यम से उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई।

ऐसे बिछाया गया जाल

एसीपी कैंट अपूर्व पांडे ने मामले की सत्यता जांचने के लिए एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। वहाँ उससे ₹5,000 की मांग की गई, लेकिन सौदा ₹2,000 में तय हुआ। सूचना की पुष्टि होते ही सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम के साथ एसीपी और महिला दरोगा ने मेन गेट बंद कर छापेमारी कर दी।

बंद कमरों में मिले आपत्तिजनक सामान

पुलिस ने जब कमरों के दरवाजे खुलवाए तो दोनों युवतियां और ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में मिले। भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को महिला सिपाहियों ने तुरंत दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से नकदी और कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

घरेलू काम के बहाने बुलाकर फंसाया

हिरासत में ली गई एक युवती ने पुलिस को बताया कि मकान अधिवक्ता ममता सिंह का है। उसे शुरुआत में घरेलू कामकाज के लिए रखा गया था, लेकिन बाद में जबरन इस धंधे में धकेल दिया गया। पुलिस अब संबंधित अधिवक्ता की भूमिका की भी जांच कर रही है।

स्थानीय पुलिस की लापरवाही आई सामने

छापेमारी के दौरान लालपुर पुलिस की ढिलाई भी देखने को मिली। गुप्त ऑपरेशन के कारण क्षेत्रीय थाने को पहले जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन रेड पड़ने के काफी देर बाद तक भी थानाध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं, मकान में लगभग एक दर्जन से अधिक खूंखार कुत्ते पाले गए थे ताकि आम लोग अंदर न जा सकें।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *