वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री ने हवा में ही इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश कर दी, जिससे विमान में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 शनिवार रात करीब 8:15 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई थी। उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद ही एक यात्री ने पहली बार इमरजेंसी एग्जिट के साथ छेड़छाड़ की। उस समय केबिन क्रू ने समझाकर उसे शांत करा दिया था।
हालांकि, जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के अंतिम चरण में था और रनवे से करीब 500 फीट की ऊंचाई पर था, तभी आरोपी यात्री ने दोबारा इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दोबारा हवा में ले लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद दूसरी कोशिश में रात करीब 10:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के बाद आरोपी यात्री को तुरंत सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया। सीआईएसएफ ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले अजीब बयान देते हुए कहा कि उस पर “भूत का साया” है। बाद में उसने बताया कि वह गोवा से घूमकर लौट रहा था और उसे यह जानकारी नहीं थी कि बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है।
इस मामले में पुलिस ने एयरलाइन के सुरक्षा प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हैं।
इस घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली और पायलट की सूझबूझ की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
