वाराणसी। दालमंडी इलाके में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को ध्वस्तीकरण अभियान फिर शुरू हुआ। करीब 6 घंटे तक चली इस कार्रवाई में बुलडोजर ने कई दुकानों के शटर और दरवाजे तोड़ दिए। पूरे अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स के साथ 200 से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच प्रशासन ने एक-एक कर दुकानों और भवनों पर कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि कई दुकानदारों का सामान अभी भी दुकानों के अंदर रखा हुआ था। बुलडोजर पहुंचने पर कुछ दुकानदारों ने प्रशासन से एक दिन का समय देने की मांग की, लेकिन कार्रवाई जारी रही और उनके शटर तोड़ दिए गए।

दिनभर मौके पर लोग खुद भी हथौड़े और औजारों की मदद से अपने-अपने मकानों और दुकानों के हिस्से तोड़ते नजर आए। इस दौरान मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, खजूर, सेवईं, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।

यह पूरा अभियान दालमंडी गली को चौड़ा करने की योजना के तहत चलाया जा रहा है, जिसके लिए पहले ही कई मकानों और दुकानों को चिह्नित किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया तेज की गई है।
कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
