वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस ने कफ सिरप तस्करी से जुड़े एक बड़े हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में ₹42 लाख नकद, 3 नोट गिनने की मशीन, 10 मोबाइल फोन और 2 बैग बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान में काशी जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
क्या है मामला?
थाना कोतवाली में दर्ज कफ सिरप तस्करी के मुकदमे की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल का करीबी सहयोगी वैभव जायसवाल अवैध कमाई को हवाला नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचा रहा था। पुलिस ने वैभव जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹42 लाख से अधिक नकदी, ₹1, ₹10, ₹20 और ₹50 के नोटों के बंडल जिन्हें टोकन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, 3 नोट गिनने की मशीन, 10 मोबाइल फोन और 2 बैग बरामद किए हैं। बरामद नकदी की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक (दिल्ली/वाराणसी), मोहित सारस्वा (राजस्थान/वाराणसी), राम अवतार (राजस्थान/वाराणसी), गिरधारी (राजस्थान/वाराणसी), संतोष गिरी (गाजीपुर) और ओम प्रकाश खरवार (बलिया) शामिल हैं।
जांच का दायरा बढ़ा
पुलिस के अनुसार इस हवाला नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने की भी आशंका जताई जा रही है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी। थाना कोतवाली और एसआईटी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इसमें निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, विजय कुमार यादव और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
हवाला कारोबार से जुड़े नेटवर्क की गहराई से पड़ताल की जा रही है। आरोपियों के पास से 1, 10, 20 और 50 रुपये के नोटों के बड़े-बड़े बंडल भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल लेन-देन के दौरान पहचान या टोकन के रूप में किया जाता था। इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल किया जाएगा।
पुलिस ने कफ सिरप तस्करी मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। दारानगर निवासी वैभव जायसवाल के पास से 22 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं, जबकि अन्य छह आरोपियों के पास से कुल 19.66 लाख रुपये मिले हैं। — गौरव बंशवाल, डीसीपी काशी
