• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026
Mgkvp admission 2026

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। वहीं प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही है। नए सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। प्रवेश समिति की आगामी बैठक में आवेदन तिथियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

दो चरणों में होगी आवेदन प्रक्रिया

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया को दो चरणों में विभाजित किया है। पहले चरण में स्नातक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में स्नातकोत्तर और डिप्लोमा कोर्स के लिए प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने वाली प्रॉस्पेक्टस (प्रवेश विवरणिका) भी तैयार कर ली गई है, जिसमें कोर्सवार सीटों की संख्या और नए पाठ्यक्रमों की जानकारी शामिल होगी।

प्रवेश समिति की बैठक में होगा अंतिम निर्णय

मेरिट आधारित प्रवेश के फैसले के बाद अभ्यर्थियों को अब ऑनलाइन आवेदन शुरू होने का इंतजार है। इस बीच, यूपी बोर्ड के परिणाम अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक आने की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया की टाइमिंग तय की जा रही है। माना जा रहा है कि समिति की बैठक में आवेदन तिथियों के साथ-साथ काउंसिलिंग, हॉस्टल आवंटन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी निर्णय लिया जाएगा।

संभावित तिथियां भी सामने आईं

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, स्नातक और प्रोफेशनल कोर्स के लिए 11 अप्रैल से आवेदन शुरू हो सकते हैं, जबकि स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए 1 मई से ऑनलाइन फॉर्म भरे जाने की संभावना है।

प्रोफेशनल कोर्स में होगी प्रवेश परीक्षा

समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय के अनुसार, विश्वविद्यालय के नियमों के तहत यूजी और पीजी में प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। वहीं प्रोफेशनल कोर्स में नियमानुसार प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। आवेदन तिथि और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अंतिम निर्णय प्रवेश समिति की बैठक में लिया जाएगा।

g

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *