• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में प्रेमी युगल के बीच विवाद के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कैंटोनमेंट क्षेत्र के माल रोड स्थित एक होटल के कमरे में ठहरे युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बंद कमरे के अंदर मारपीट के बाद गोली चल गई। फायरिंग के दौरान युवती को गोली लगी—एक गोली उसकी कमर में धंसी, जबकि दूसरी उसके चेहरे और गर्दन के पास से निकल गई।

गोली लगते ही युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद युवक ने ही उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

बताया जा रहा है कि युवती गाजीपुर की रहने वाली है और वाराणसी में रहकर एक निजी संस्थान में काम करती है। युवक के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों होटल में ठहरे हुए थे। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया कि दोनों ने होटल में जो पहचान पत्र जमा किए थे, उनमें पता फर्जी दर्ज था।

घटना के बाद कुछ समय तक स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो पाई, जिससे सवाल भी उठे। बाद में सिगरा थाना पुलिस के माध्यम से सूचना मिलने पर कैंट पुलिस हरकत में आई। मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची थी। कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया है कि गोली उसने खुद चलाई थी, जो उसे ही लग गई। हालांकि, पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश जारी है।

फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और होटल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *