• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी में बीते नौ वर्षों के दौरान रोजगार मेलों ने युवाओं के लिए नए अवसरों के दरवाजे खोल दिए हैं। जहां पहले नौकरी की तलाश में युवाओं को बड़े शहरों की ओर पलायन करना पड़ता था, वहीं अब राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां खुद उनके शहर में पहुंचकर रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने युवाओं को उनके गृह जनपद में ही रोजगार देने को प्राथमिकता दी है। इसी दिशा में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय वाराणसी द्वारा लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियां भाग ले रही हैं। साथ ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जैसे आयोजनों ने भी रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया है।

सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनके घर के पास ही नौकरी उपलब्ध कराना है, जो अब धीरे-धीरे साकार होता दिख रहा है। युवा अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार हासिल कर रहे हैं। सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार के अनुसार, वर्ष 2017 से मार्च 2026 तक कुल 62,172 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

रोजगार मेलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी

आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2017 से 2026 के बीच रोजगार मेलों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जहां पहले यह संख्या 21 से 48 के बीच थी, वहीं अब यह बढ़कर कुल 323 तक पहुंच गई है, जो लगभग ढाई गुना वृद्धि दर्शाती है।

1700 से ज्यादा कंपनियों ने लिया हिस्सा

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में वाराणसी में 1700 से अधिक नियोक्ताओं ने इन मेलों में भाग लिया है। इनमें प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर के अलावा कई प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनियां, राष्ट्रीयकृत बैंक, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, आईटी, एजुकेशन, रियल एस्टेट, सर्विस सेक्टर और सेल्स-मार्केटिंग से जुड़ी कंपनियां शामिल रही हैं। इन मेलों के जरिए युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार बेहतर वेतन पैकेज भी मिल रहा है।

हर हाथ को काम देने पर सरकार का फोकस

सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करना है, ताकि हर हाथ को काम मिल सके और प्रदेश आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।

वित्तीय वर्षवार आंकड़े

  • 2017–18: 21 मेले, 3,025 चयन
  • 2018–19: 29 मेले, 3,516 चयन
  • 2019–20: 22 मेले, 3,136 चयन
  • 2020–21: 22 मेले, 2,913 चयन
  • 2021–22: 20 मेले, 1,829 चयन
  • 2022–23: 33 मेले, 3,233 चयन
  • 2023–24: 37 मेले, 17,035 चयन
  • 2024–25: 91 मेले, 14,641 चयन
  • 2025–26: 48 मेले, 12,844 चयन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *