• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ते ही मंगलवार को बनारस में इस सीजन की अब तक की सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। शहर में तेज गर्मी का असर साफ देखने को मिला और लोगों को दिनभर झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस साल पहली बार इस स्तर पर दर्ज किया गया है।

मंगलवार को गंगा घाटों, खासकर दशाश्वमेध घाट पर भीषण गर्मी के बीच लोगों की आवाजाही जारी रही। हालांकि, तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। दिन के समय सड़कों पर गर्मी का असर साफ नजर आया और दोपहर में बाजारों में भीड़ कम रही।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। अनुमान है कि अगले सप्ताह तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। बीते तीन दिनों में ही तापमान में करीब 7 से 8 डिग्री सेल्सियस की तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

पछुआ हवा कमजोर, तापमान में उछाल

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पछुआ हवा कमजोर पड़ने के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा दर्ज किया गया है।

फिलहाल राहत के आसार कम

उन्होंने यह भी बताया कि अगले 4 से 5 दिनों तक कोई सक्रिय मौसम प्रणाली विकसित होने की संभावना नहीं है, जिसके चलते मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, पछुआ हवाओं की गति कम होने के बाद पुरवा हवाओं के चलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

फिलहाल वाराणसी में गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही है और लोगों को आने वाले दिनों में और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *