• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार शाम एक भीषण आग ने तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने झुग्गी-झोपड़ी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 250 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही बस्ती में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। करीब 30 से लेकर 100 तक सिलेंडरों में धमाके होने की बात सामने आ रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपने बच्चों और सामान को छोड़कर जान बचाने के लिए भागते नजर आए।

3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान इलाके की बिजली काट दी गई थी, जिससे अंधेरा छा गया। बाद में जनरेटर और बड़ी लाइटों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया।

दर्दनाक दावे और लापता लोगों की तलाश

एक पीड़ित युवक ने दावा किया कि उसके चार बच्चे आग में जिंदा जल गए। हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बच्चे अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस अग्निकांड में सैकड़ों परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। लोगों के पास खाने-पीने तक का सामान नहीं बचा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को रैन बसेरों में शिफ्ट करना शुरू कर दिया है और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना देने के बावजूद गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बस्ती को खाली कराने के लिए जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है। फिलहाल इस एंगल से भी जांच की मांग उठ रही है।

बड़े नेताओं ने लिया संज्ञान

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी घटना पर चिंता जताई और पीड़ितों को हर संभव मदद देने की बात कही। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।

जानवर भी झुलसे, ट्रैफिक रहा प्रभावित

आग में कई मवेशी भी झुलस गए, जिनमें कुछ की मौत और कई के घायल होने की खबर है। हादसे के चलते आसपास के इलाकों में भारी जाम लग गया और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।

कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर जांच में जुटे हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर लीकेज की जताई जा रही है, लेकिन साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

(अपडेट जारी: प्रशासन राहत और पुनर्वास कार्य में जुटा, कूलिंग ऑपरेशन जारी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *