• Banaras Now, Varanasi
  • May 29, 2026

वाराणसी। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को सेवा योजना कार्यालय, चौकाघाट के सहयोग से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों में चयनित हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री शेषधर चौबे रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि अवसर का सही उपयोग करना ही सफलता की दिशा तय करता है।

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने छात्रों को सलाह दी कि वे कंपनी के आकार को लेकर संकोच न करें, बल्कि उपलब्ध अवसरों से अनुभव प्राप्त कर अपने करियर को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि शुरुआती अनुभव भविष्य में बेहतर अवसरों का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने की। इस अवसर पर प्रो. अशोक सिंह (वाणिज्य विभाग) ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में डॉ. दिव्यानी बरनवाल (प्लेसमेंट सेल इंचार्ज), अजय गौतम, शारांश लोहिया और डॉ. रविकांत कसौधन भी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. दिव्यानी बरनवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रविकांत कसौधन द्वारा दिया गया।

आईक्यूएसी विभाग प्रभारी प्रो. अनिल कुमार ने जानकारी दी कि मेले में कुल 19 कंपनियों ने भाग लिया। इसमें 396 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 202 छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया। प्रमुख कंपनियों में एलएंडटी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और पोखराज शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *