वाराणसी। लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के हित में अहम निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार 21 अप्रैल 2026 से परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ मदरसा, CBSE और ICSE बोर्ड से जुड़े स्कूल अब सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। यह निर्णय विशेष रूप से छोटे बच्चों को तेज धूप और गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए लिया गया है।
प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे नए समय का सख्ती से पालन करें। साथ ही बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाने, हल्के कपड़े पहनाने और धूप से बचाव के अन्य जरूरी उपाय अपनाने की सलाह भी दी गई है, ताकि इस भीषण गर्मी के दौरान उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।
