वाराणसी | सीएम योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार वे पहले गोरखपुर में शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे, इसके बाद शाम करीब 6 बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे।
काशी आगमन के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की प्रगति और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा वे कुछ निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं, जिसमें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में बन रहा बिजली उपकेंद्र प्रमुख माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक प्रोटोकॉल देर शाम तक जारी नहीं हुआ था, लेकिन प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव लागू किए गए हैं, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात प्रभावित न हो।
ट्रैफिक डायवर्जन (5 मई)
- संपूर्णानंद विश्वविद्यालय मार्ग पर मुख्यमंत्री के आगमन से करीब 3 घंटे पहले लहुराबीर और मैदागिन की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा, ट्रैफिक को लकड़ी मंडी की ओर मोड़ा जाएगा।
- विश्वेश्वरगंज तिराहे से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा, उन्हें गोलगड्डा तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग की दिशा में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, ट्रैफिक को साजन तिराहा और इंग्लिशिया लाइन की ओर मोड़ा जाएगा।
- मलदहिया चौराहे से जयसिंह और लहुराबीर की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
ट्रैफिक डायवर्जन (6 मई)
- जेपी मेहता कॉलेज से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा और उन्हें सेंट्रल जेल तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- गिलट बाजार क्षेत्र में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भोजूबीर सब्जी मंडी की ओर जाने वाले वाहनों को प्रतिबंधित कर वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
