वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह वाराणसी पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां से वे सीधे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही उनके दौरे के दौरान शहर में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा भी किए जाने की संभावना है।
अपने कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री उदय प्रताप कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजीव कृष्ण के आवास पहुंचेंगे। यहां वे उनके पुत्र के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर परिवार को आशीर्वाद देंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट रहा। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं। इस दौरान रोपवे परियोजना सहित अन्य प्रमुख विकास कार्यों और नगर निगम के सदन भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, उनके द्वारा धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।
सीएम के दौरे के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो।
