वाराणसी। स्वर्णकार समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान के संरक्षक सोनार धर्मचंद्र वर्मा के निधन पर शनिवार को ठठेरी बाजार स्थित रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में समाज के गणमान्य लोगों, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने कहा कि सोनार धर्मचंद्र वर्मा ने अपना पूरा जीवन समाज की एकजुटता, सामाजिक जागरूकता और सेवा कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यवहार अत्यंत सरल और प्रेरणादायक था। समाज के प्रति उनकी निष्ठा और नेतृत्व क्षमता हमेशा लोगों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में उनके विचारों को याद करते हुए वक्ताओं ने बताया कि वे हमेशा समाज के लोगों से अपने नाम के आगे ‘सोनार’ लिखने की अपील करते थे, ताकि समाज की पहचान मजबूत हो सके। उन्होंने समाज के लोगों को आगामी जनगणना में जाति के स्थान पर ‘सोनार’ दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया था।
गौरतलब है कि शिवाला निवासी सोनार धर्मचंद्र वर्मा का बीते बुधवार को लगभग 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से स्वर्णकार समाज में शोक की लहर है।
सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को this दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की गई।
इस अवसर पर रवि सर्राफ, सरिता सर्राफ, दयाशंकर सेठ, कमलेश चंद्र वर्मा, किशोर कुमार सेठ, रौनी वर्मा, विष्णु दयाल सेठ, कमल कुमार सिंह, श्याम सुंदर सिंह, कृष्ण कुमार सेठ, किशन सेठ, शंकर सेठ, मोहित सोनी, इंद्रजीत सिंह, साहिल सोनी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
