• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026
deputy-cm-inspected-varanasi-hospital-slams-officials

वाराणसी। सूबे के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार की शाम करीब 6 बजे वाराणसी के सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना और मरीजों व उनके तीमारदारों से सीधा बातचीत किया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम का एक बेहद संवेदनशील रूप देखने को मिला, जब उन्होंने वेटिंग एरिया में बैठी एक बुजुर्ग महिला के पास जमीन पर बैठकर उनका हालचाल पूछा और जाते समय उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

बुजुर्ग मरीज के पास जमीन पर बैठे डिप्टी सीएम

यह पूरा वाकया श्री शिवप्रसाद गुप्ता मंडलीय चिकित्सालय का है, जहाँ उपमुख्यमंत्री ने करीब आधे घंटे तक सघन निरीक्षण किया। जब वे इमरजेंसी वार्ड में दाखिल हुए, तो उनकी नजर वहाँ कुर्सी पर बैठी एक बुजुर्ग महिला मरीज (तारामुनि) पर पड़ी। डिप्टी सीएम बिना किसी औपचारिकता के तुरंत उस महिला के पास जमीन पर ही बैठ गए।

उन्होंने बेहद आत्मीयता से पूछा, अम्मा, यहाँ कोई परेशानी तो नहीं है? अस्पताल से दवाइयाँ मिल रही हैं या बाहर से तो नहीं मंगानी पड़ रहीं?” महिला ने सकारात्मक जवाब देते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने उनके पैर छुए और जनरल वार्ड की तरफ बढ़ गए।

बंद पड़े एसी और चादर न मिलने पर जताई गहरी नाराजगी

जनरल वार्ड और आईसीयू के निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम को कुछ खामियां भी देखने को मिलीं:

  • कूलिंग न होने पर खिंचाई: आईसीयू में एसी ठीक से काम न करने और कूलिंग न होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (CMS) को इसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।
  • कांपती मरीज को तुरंत मुहैया कराई चादर: जनरल वार्ड में ऑक्सीजन सपोर्ट पर लेटी एक महिला मरीज ठंड से कांप रही थी, लेकिन उसके बेड पर चादर नहीं थी। डिप्टी सीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत मौके पर ही उसे चादर उपलब्ध कराने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बात कर यह सुनिश्चित किया कि अस्पताल में दवाइयाँ अंदर से ही मिल रही हैं या नहीं।

घबराए अधिकारियों को दी सांत्वना, दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के बाद जब डिप्टी सीएम प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ब्रजेश कुमार के केबिन में पहुंचे, तो अधिकारी घबराहट में हाथ जोड़कर उनके सवालों के जवाब देने लगे। इस पर उपमुख्यमंत्री ने उन्हें सहज करते हुए कहा— डॉक्टर साहब, आप एक वरिष्ठ चिकित्सक हैं, हाथ मत जोड़िए, अच्छा नहीं लगता। परेशान मत होइए और आराम से जवाब दीजिए, हम सब एक ही परिवार का हिस्सा हैं।”

सीएमओ नहीं दे पाए जवाब, लैब शुरू न होने पर रिपोर्ट तलब

इसके बाद ब्रजेश पाठक पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। यहाँ बनी नई लैब के अब तक चालू न होने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) मुकेश कुमार से जवाब मांगा, लेकिन सीएमओ कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके और बगल में खड़े अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा की तरफ देखने लगे। इस ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए डिप्टी सीएम ने अपर निदेशक को निर्देश दिया कि वे स्वयं रात में अस्पताल का निरीक्षण करें और रिपोर्ट सौंपें कि लैब अब तक शुरू क्यों नहीं हो सकी है।

कबीर चौरा अस्पताल के काम में तेजी लाने के निर्देश

उन्होंने कबीर चौरा में निर्माणाधीन मल्टी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के कार्य की भी समीक्षा की। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दिन-रात काम चलाकर इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही, जब तक यह अस्पताल पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक यहाँ के मरीजों को पास के महिला अस्पताल में शिफ्ट किया जाए ताकि किसी के इलाज में रुकावट न आए।

कोरोना को लेकर पैनिक न होने की अपील

वाराणसी में कोरोना के कुछ नए मामले मिलने पर उपमुख्यमंत्री ने जनता से पैनिक न होने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संक्रमित मिले मरीजों की स्थिति सामान्य है और वे होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

इस औचक निरीक्षण के दौरान वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एडी हेल्थ डॉ. एनडी शर्मा और डॉ. सत्येन राय सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *