• Banaras Now, Varanasi
  • August 28, 2026

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में गुरुवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले 11 वर्षीय बच्चे पर बिना पट्टे के घूम रहे एक कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम के सिर और चेहरे को कई जगह से नोच डाला, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गंभीर हालत में बच्चे को BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों को उसके घावों को सीने के लिए लगभग 50 टांके लगाने पड़े।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा

पीड़ित बच्चा अभिनव, IMS BHU में कार्यरत सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रेमा राम चौधरी का छोटा बेटा है। प्रेमा राम चौधरी अपने परिवार के साथ कैंपस की जोधपुर कॉलोनी में रहते हैं। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने दोनों बेटों के साथ टहलने निकले थे। बड़ा बेटा थोड़ा आगे चल रहा था, जबकि छोटा बेटा उनके साथ था। घर से कुछ दूरी पर पिता ने छोटे बेटे को वापस घर लौटने को कहा और खुद बड़े बेटे की तरफ बढ़ गए।

अज्ञात राहगीर बने मददगार, पहुँचाया अस्पताल

घर की ओर मुड़ते ही अचानक कुत्ते ने मासूम पर हमला कर दिया। पिता उस वक्त मौके पर मौजूद नहीं थे। घटना के बाद बच्चा सड़क पर खून से लथपथ पड़ा मिला। तभी दर्शन कर लौट रहे संजय राय और उनके साथियों की नजर घायल बच्चे पर पड़ी। उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी स्कूटी से मासूम को तत्काल BHU ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने त्वरित इलाज शुरू किया।

प्रोफेसर के पालतू कुत्ते पर बिना पट्टे के हमले का आरोप

बच्चे के पिता प्रेमा राम चौधरी ने आरोप लगाया है कि जब यह हादसा हुआ, तब हिंदी विभाग से जुड़ीं सरधा सिंह अपने पालतू कुत्ते के साथ वहाँ मौजूद थीं। कुत्ता बिना पट्टे और मुँह की जाली (Muzzle) के घूम रहा था और उसने अचानक बच्चे को अपना शिकार बना लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने के कारण बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वीसी से शिकायत, CCTV फुटेज सुरक्षित करने की मांग

घटना से आक्रोशित पीड़ित पिता ने BHU के कुलपति (VC) को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज तुरंत सुरक्षित करने की अपील की है, ताकि सच सामने आ सके और लापरवाही बरतने वाले मालिक पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *