• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा इलाके स्थित विवेक विहार में एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया है। यहां एक चार मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कई लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग मुख्य रूप से दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर बने फ्लैट्स में फैली हुई थी, जिससे वहां मौजूद लोग अंदर ही फंस गए।

अब तक करीब 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। कुछ घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर दमकल की करीब 12 गाड़ियां, पुलिस टीम और दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) के कर्मचारी राहत कार्य में जुटे हैं।

स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, इमारत के अलग-अलग हिस्सों से कुल 9 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि शवों की पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा सकती है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या एसी ब्लास्ट मानी जा रही है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी।

फिलहाल मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है, और आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *