• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी। शहर को डिजिटल और स्मार्ट बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम पहल की है। काशी के प्रमुख घाटों पर अब मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू कर दी गई है। इस सुविधा का शुभारंभ शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट से किया। पहले चरण में अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट को हाई-स्पीड इंटरनेट नेटवर्क से जोड़ा गया है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों, शोधकर्ताओं और स्थानीय लोगों को अब बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और वे आसानी से इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह पहल स्मार्ट सिटी के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि आज के दौर में इंटरनेट एक जरूरी सुविधा बन चुका है, और घाटों पर इसकी उपलब्धता से लोगों को काफी सहूलियत होगी। घाटों पर लगाए गए विशेष Wi-Fi ज़ोन बोर्ड के जरिए यूजर्स QR कोड स्कैन कर तुरंत नेटवर्क से जुड़ सकते हैं, जिससे प्रक्रिया बेहद आसान बना दी गई है।

उपसभापति नरसिंह दास ने इसे डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। उनका कहना है कि इससे आम लोगों को तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि नेटवर्क की स्पीड और कवरेज को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भीड़ के दौरान भी इंटरनेट सेवा प्रभावित न हो।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राजेश कुमार यादव, विजय द्विवेदी, अमित सिंह, रविंद्र कुमार सिंह, माधुरी सिंह, अनुराग शर्मा और सोमनाथ यादव शामिल थे। यह पहल काशी को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *