• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी की सफलता की कामना को लेकर काशी में धार्मिक आस्था से जुड़ा एक विशेष आयोजन किया गया। वाराणसी के गंगा घाटों पर बंगाली समाज की महिलाओं और भाजपा से जुड़ी कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की और भव्य आरती उतारी। इस दौरान पूरे घाट का वातावरण भक्ति और उत्साह से भर गया।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शंखनाद करते हुए मां गंगा से प्रार्थना की कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हो और राज्य में मजबूत सरकार का गठन हो। आरती के दौरान घाट पर “हर-हर गंगे” के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धा के साथ जीत की कामना की गई।

महिलाओं का कहना था कि वे विशेष रूप से मां गंगा का आशीर्वाद लेने आई हैं ताकि बंगाल में इस बार राजनीतिक बदलाव देखने को मिले। उनका विश्वास है कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और आने वाले नतीजों में यह साफ दिखाई देगा।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता रीना ने कहा कि सभी महिलाएं मिलकर यहां पूजा कर रही हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में बदलाव निश्चित है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार से लोग अब निराश हो चुके हैं और जनता एक नई दिशा की ओर देख रही है। इसी विश्वास के साथ 20 से अधिक महिलाओं ने एक साथ गंगा आरती कर भाजपा की जीत के लिए प्रार्थना की।

पूरे आयोजन के दौरान घाट का माहौल धार्मिक आस्था, उत्साह और राजनीतिक उम्मीदों का संगम नजर आया, जहां महिलाओं ने पहले से ही जीत की उम्मीद के साथ उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *