• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी: ग्रामसभा घमहापुर में हुई हालिया दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह मृतक मनीष सिंह के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काशी दौरे के दौरान घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसी क्रम में सोमवार को सहायता राशि का चेक मृतक की दादी को सौंपा गया।

इस दौरान डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, विधायक सुशील सिंह ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने घटना की निंदा करते हुए परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

विधायक ने अंत में कहा कि भविष्य में भी पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वे हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे। घटना के बाद क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *