• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी। काशी के हुकुलगंज तिराहे के पास तिवारी मिष्ठान के पीछे निर्माणाधीन एक इमारत में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा और बारिश के बीच निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

हादसे के समय कई मजदूर मौके पर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया गया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम लगातार मलबा हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से मौत की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन घटनास्थल पर हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *